जम्मू के बालटाल में अमरनाथ यात्रा के दौरान सीआरपीएफ के जवानों के एक सूमो ड्राइवर को पीटने पर हिंसा भड़क गई। गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ व आगजनी की। इस पर सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज कर दिया।
इसके बाद गुस्साए वाहन चालकों व उत्तेजित भीड़ ने सीआरपीएफ पर पथराव करते हुए दो टेंट जला दिए। सीआरपीएफ की एक अति संवेदनशील चौकी जला दी। पूरे प्रकरण में चार जवान समेत दोदर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हवाई फायरिंग भी की गई है। विशेष पुलिस महानिदेशक सीआरपीएफ डीके पाठक ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सभी अमरनाथ श्रद्धालु सुरक्षित हैं।
सूत्रों के मुताबिक बृहस्पतिवार को बालटाल के पास बरारपत्थरी में नाके पर तैनात सीआरपीएफ के जवानों ने सूमो चालक गुलाम नबी लोन से झड़प के बाद उसकी पिटाई कर दी। इसमें उसका सिर फट गया।
आईजी कश्मीर एजी मीर के मुताबिक घायल सूमो चालक अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाके पर तैनात जवानों ने मामूली विवाद पर लोन की पिटाई कर दी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
ड्राइवर की हालत बिगड़ते देख लोग गुस्से से बेकाबू हो गए। भीड़ सरकार और प्रशासन विरोधी नारेबाजी के साथ पथराव करते हुए सीआरपीएफ की 115 वाहिनी के टेंटों तक पहुंच गई।