पड़ोसी राज्य से नशीली दवा लेकर आ रहे दो युवकों को गोविंदसर रेलवे स्टेशन पर पकड़ने गए पुलिस की स्पेशल ब्रांच के कर्मियों पर युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया और फरार हो गए। बाद में उनमें से एक आरोपी युवक को पुलिस ने जसरोटया गांव से पकड़ लिया। उससे नशीली दवा के साथ-साथ हथियार भी बरामद कर लिया। वहीं घायल पुलिस कर्मचारियों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस की स्पेशल ब्रांच के कर्मचारी रवि सिंह, सुरिंद्र कांत और सुरिंद्र सिंह पुख्ता सूचना के आधार पर गोविंदसर रेलवे स्टेशन पर नशीली दवा लेकर आ रहे दो युवकों को पकड़ने के लिए गए थे।
ट्रेन आने के बाद जैसे ही दोनों युवकों पर उनकी नजर पड़ी, तो उन्हें रेलवे स्टेशन के पार्किगिं यार्ड के पास रोका गया और तलाशी देने के लिए कहा गया। उनमें एक युवक ने तलाशी प्रक्रिया शुरू होते ही अपने पास रखे तेजधार हथियार से तीनों पर वार कर दिया। इस कारण तीनों कर्मचारियों को काफी चोटें आई। इसी मौके पर फायदा उठाते हुए दोनों युवक मौके से फरार हो गए।