दसवीं कक्षा में फेल होने पर एक छात्र ने रविवार को चिनाब दरिया में कूदकर जान दे दी। काफी कोशिशों के बावजूद भी छात्र का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह करीब 11 बजे कंक्रीट पुल पर पैदल चल रहे तीन युवाकें में से एक युवक ने अचानक दरिया में छलांग लगा दी। युवक के छलांग लगाते ही दोनों युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में आसपास के लोग एकत्रित हो गए। युवकों से पूछताछ के बाद उन्होंने बताया कि युवक का नाम अमन कुमार (17) निवासी जोगवड़ी परखू है। उन्होंने बताया कि अमन दसवीं का छात्र था।
रविवार को ही दसवीं कक्षा का परिणाम निकला था, जिसमें वह फेल हो गया था, जबकि गांव के अन्य दो दोस्तों के साथ किसी से पैसे लेने के लिए घर से वहां पहुंचा था। जैसे ही वह तीनों पुल पर पहुंचे तो अमन ने अपना बैग अपने दोस्त को थमाकर दरिया में छलांग लगा दी।
इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ शुरू की और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा, लेकिन छात्र का शव बरामद नहीं किया जा सका।