एलओसी पर भारी गोलाबारी को देखते हुए बीएसएफ ने भी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर लंबी दूरी तक मार करने वाली गन तैनात की है। पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए बीएसएफ ने इस तरह का कदम उठाया है। इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
सूत्रों का कहना है कि बीएसएफ ने बॉर्डर पर लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों को लगाया है। इन हथियारों से पाक को करारा जवाब देने की तैयारी है। इनमें कई आधुनिक हथियार भी शामिल हैं, जो पाक गोलाबारी को खामोश करने के लिए काफी हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि बीएसएफ ने सीमा पर तैनात जवानों को निर्देश दिया है कि अगर पाक थोड़ी सी भी फायरिंग करे तो उसको ऐसा जवाब दो कि वह कुछ मिनट में खामोश हो जाए।
दरअसल, हर बार उसकी तरफ से अचानक सभी क्षेत्रों में गोलाबारी शुरू कर दी जाती है। इससे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिलता और जानमाल का नुकसान हो जाता है। नौशेरा में गोलाबारी होने के बाद सांबा, कठुआ और जम्मू जिले के बॉर्डर पर स्थित गांव के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।