डल झील के एक हाउसबोट में शनिवार को मृत मिली ब्रिटिश युवती को कश्मीर की वादियों के साथ-साथ यहां के एक नौजवान से भी मुहब्बत हो गई थी।
सारा एलिजाबेथ से अपने संबंधों के बारे में उसके प्रेमी सईद अहमद शोडा ने बताया कि तीन माह पहले गोवा में एक बैक ट्रैपिंग ट्रिप के दौरान एलिजाबेथ से उसकी मुलाकात हई थी।
कैफे में कुछ देर की बातचीत के बाद दोनों काफी घुल-मिल गए। एक विदेशी अखबार से बातचीत के दौरान सईद ने कहा कि तीन महीने में उनके बीच प्रेम पनपा था।
उसका कहना है कि इतनी जल्दी शादी और बच्चों के बारे में विचार करना असंभव था। मुझे यह नहीं पता कि हमारी शादी हो पाती या नहीं, लेकिन वह एक सर्वगुण संपन्न युवती थी।
सारा की हत्या से उसे गहरा आघात पहुंचा है और वह उसके बिना जिंदा रहने की सोच भी नहीं सकता।
सईद का कहना है कि वह बचपन से पर्यटन उद्योग से जुड़ा है। हजारों विदेशी सैलानियों से मिला है, लेकिन एलिजाबेथ जैसा कोई नहीं था।
वह उर्जा से भरी हुई थी और वह सभी को सकारात्मक रूप में देखना चाहती थी।
सईद ने बताया कि घटना की रात वह पहलगाम गया हुआ था। उसने बताया कि सारा पहलगाम जाने की इच्छुक नहीं थी और उसे दबाव डाला कि वह उसके बिना जाए।
सईद ने कहा, ''यदि मैं उस दिन पहलगाम न जाता या फिर सारा मेरे साथ जाने को तैयार हो जाती तो यह वारदात ही नहीं होती।''
उसने बताया कि एलिजाबेथ एक सप्ताह के अंदर अपने देश लौटने वाली थी और उसके बाद जून में फिर घाटी आती।
सईद के अनुसार वह उसके परिवार के साथ भी काफी घुल मिल गई थी। वह उसकी मां की अकसर मदद करती थी।
उसने हाउस बोट की मरम्मत में भी आर्थिक मदद की। इतना ही नहीं, हाउस बोट की रैलिंग की पेंटिंग उसने खुद अपने हाथों से की थी।
जिस्म पर थे 45 निशान
शनिवार को एलिजाबेथ की हत्या नीदरलैंड निवासी रिचर्ड ने ही की थी। घटना के बाद घाटी से भागने के क्रम में गिरफ्तार किए गए रिचर्ड ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने एलिजाबेथ की चाकुओं से गोद कर हत्या की थी।
हालांकि रिचर्ड ने अभी तक यह नहीं बताया कि हत्या करने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। मृतका एलिजाबेथ के शव की आरंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके जिस्म पर घावों के 45 निशान मिलने की पुष्टि हुई है।
उसके गले में एक गहरे कट का दाग होने के अलावा छाती और अन्य अंगों पर भी निशान पाए गए। पुलिस ने रिचर्ड को स्थानीय मैजिस्ट्रेट के निवास पर पेश करने के बाद उसे दस दिन के रिमांड पर लिया है।
यौन शोषण से इंकार
डीआईजी (सेंट्रल कश्मीर रेंज) सैय्यद अफादुल मुजतबा का कहना है कि राम मुंशी थाने की हिरासत में रखे गए नीदरलैंड निवासी रिचर्ड ने हत्या का जुर्म कबूल किया है, लेकिन सारा के साथ किसी तरह के यौन शोषण से इंकार किया है।