श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्क्रीनिंग के दौरान एक जवान के सामान से ग्रेनेड बरामद हुआ है। इसके बाद पुलिस ने जवान को हिरासत में ले लिया। जवान को पुलिस चौकी हुम्हामा ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सेना के एक जवान को हैंड ग्रेनेड के साथ सोमवार को गिरफ्तार किया गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हवाई अड्डे के ड्राप गेट पर स्क्रीनिंग के दौरान सेना के जवान के बैग से हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया।
विज्ञापन
जवान की शिनाख्त बालाजी संपथ निवासी वेल्लोर (तमिलनाडु) के तौर पर हुई है। जवान दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतिपोरा में तैनात था। वह इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-5031/2061 के जरिये श्रीनगर से चेन्नई (वाया दिल्ली) यात्रा करने जा रहा था।
हैंड ग्रेनेड बरामद होने के बाद जवान को हिरासत में ले लिया गया और हुमहामा पुलिस स्टेशन को तफ्तीश के लिए सौंप दिया गया। उधर, पुलिस स्टेशन हुमहामा से बताया गया कि हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है।