ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री अब्दुल हक खान के औचक निरीक्षण में गैरहाजिर मिले बीडीओ मीरां साहिब कार्यालय के स्टाफ पर गाज गिरी है। मंत्री ने बीडीओ मीरां साहिब नरेश कुमार को अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने के आरोप में निदेशक कार्यालय अटैच करने का आदेश जारी कर दिया।
इसी तरह से सेक्शन अफसर संध्या पाठक, सहायक अकाउंट अफसर नीलम कुमारी, जूनियर असिस्टेंट पवन कुमार, सीआईसी ऑपरेटर विक्रम सिंह चाड़क और डाटा इंट्री आपरेटर निशा कुमारी को निलंबित कर दिया।
मंत्री ने सहायक आयुक्त विकास जम्मू को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए जांच रिपोर्ट जल्द सौंपने के निर्देश दिए। बीडीओ सतवारी को जांच पूरी न होने तक बीडीओ मीरां साहिब का अतिरिक्त प्रभार सौंपने को कहा गया है।
उधर मंत्री की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं मंत्री ने सतवारी बीडीओ कार्यालय में अफसरों के साथ बैठक कर दो टूक कहा कि कामकाज के मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग को जो लक्ष्य दिए गए हैं उन्हें समय से पूरा करना होगा।
मंत्री ने कहा ग्रामीण विकास से जुड़े हर कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। अफसरों को दफ्तरों में स्टाफ सदस्यों की हाजिरी को सुनिश्चित करना होगा। इसके बाद मंत्री ने मरालियां में अपग्रेड की गई फ्रूट प्लांट नर्सरी का भी जायजा लिया।