लोकसभा चुनाव के चलते सीमांत क्षेत्रों सहित सीमा पर सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। किसी भी आतंकी वारदात को रोकने के लिए सीमा पर अतिरिक्त जवानों को तैनात करने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में कई नए नाके भी लगाए गए हैं।
जम्मू-पुंछ लोकसभा सीट पर दस अप्रैल को मतदान होना है। इसके चलते सीमांत क्षेत्रों सहित भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया।
सीमा पर आतंकियों की घुसपैठ के लिए सुरक्षा बल कड़ी नजर रख रहे हैं। इसके लिए सुरक्षा बलों द्वारा आधुनिक किस्म के कैमरे लगाए गए हैं। सीमांत क्षेत्रों से आवाजाही करने वालों पर भी सुरक्षा बल कड़ी निगरानी रख रहे हैं।
क्षेत्र में बीएसएफ और सीआरपीएफ की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की ओर से अतिरिक्त नाके लगाकर सुरक्षा जांच की जा रही है। मुख्य मार्गों सहित मेन पुल पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की लगाए गए नाकों में पिछले एक महीने में तीन सौ वाहन चालकों के चालान काटे गए, जबकि दस्तावेज न मिलने पर बड़ी संख्या में वाहनों को भी जब्त किया गया है।
इस संबंध में एसडीपीओ फारुख केसर ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं। संदिग्ध रूप से आवाजाही करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है