डोडा। डोडा जिला मुख्यालय के डाकबंगला के पास मंगलवार को झाड़ियों से बिना खोपड़ी का एक कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन फिलहाल यह पता नहीं चला है कि कंकाल किसका है।
मंगलवार को गश्त करने के दौरान जंगलात विभाग के कर्मचारियों ने सबसे पहले पूरी तरह से गल चुके शव को देखा। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। एडीएसपी हेडक्वार्टर इफ्तिखार अहमद, थाना प्रभारी रघुवीर सिंह और एसआई जमायत अली वाणी ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की। कंकाल में बदल चुके शव का सिर नहीं था। कपड़ों से लग रहा है कि कंकाल किसी पुरुष का है। मौके पर कुछ पैसे मिले, जिसमें एक 500 का नया नोट भी था। इसके अलावा मौके से और कुछ नहीं मिला। लिहाजा पुलिस के लिए फिलहाल यह पता करना पहेली बन गई है कि कंकाल किसका है। कंकाल से किसी तरह की बदबू भी नहीं आ रही थी थी। इससे पहले भी आसपास के लोगों को कभी शव सड़ने की बदबू महसूस नहीं हुई।
कंकाल को फेंके जाने की आशंका
शहर के बीच शव सड़ा हो और किसी को बदबू नहीं लगे, यह मुमकिन नहीं हो सकता। कंकाल में भी बदबू नहीं बची। इससे लगता है कि मौत बहुत पहले हो चुकी होगी और पूरा मांस गल जाने के बाद कंकाल को यहां किसी ने फेंका हो। बहरहाल पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल कुछ महीनों में दर्ज गुमशुदा लोगों की रिपोर्ट को भी खंगाला जा रहा है। शव के कपड़े से हो सकता है कि उसकी पहचान हो जाए।