जम्मू। मुख्यमंत्री के औचक दौरे के बाद बुधवार को सीएम के शिकायत सेल की टीम ने जीएमसी जम्मू का दौरा कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसमें लिफ्ट सहित वार्डों में ढांचे के साथ चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने लंबित मरम्मत कार्यों को शीघ्र दुरुस्त बनाने के निर्देश दिए।
शिकायत सेल के सदस्यों ने ग्राउंड फ्लोर पर लिफ्ट को देखा। इसमें मरीज के लिए एक लिफ्ट चलाई गई है। जबकि एक अन्य नई लिफ्ट को ट्रायल पर शुरू किया गया है। सेल के सदस्यों ने इमरजेंसी के अलावा मुख्य आईसीयू का निरीक्षण किया। इसमें वेंटिलेटर की जांच की गई। उन्होंने रेडियोथैरेपी वार्ड में छत को दुरुस्त बनाने के निर्देश दिए। छत पर फाल्स सीलिंग ठीक करने के लिए इंजीनियरिंग विंग को कहा गया है। सेल के सदस्यों ने जीएमसी प्रशासन को मरम्मत और साफ सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत मौजूद रहे। गत दिवस मुख्यमंत्री ने जीएमसी का औचक दौरा कर बदहाल ढांचे और साफ सफाई की अव्यवस्था पर कड़ा संज्ञान लिया था। इस माह सीएम का शिकायत सेल शहर के अलावा जिला स्तर के कई जिला अस्पतालों का दौरा करके चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।