जिला किश्तवाड़ के सब जिला छात्रू में बुधवार को दोपहर में अचानक एक दो मंजिला और दूसरा एक मंजिला मकानों में आग लग गई। आग से घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बताया जाता है कि आग में दो मवेशी भी जल गए। जब तक आसपास के लोगों को इस बारे में पता चला, तब तक आग ने एक मकान को अपनी लपेट में ले लिया।
मकान मुख्य एसडीएम कार्यालय से थोड़ी ही दूरी पर गुजरपुल के पास स्थित है। दूसरे मकान में भी आग ने सब कुछ जलाकर राख कर दिया। आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन तब तक दोनों मकान जलकर राख बन गए थे। मकान मालिकों का नाम मोहम्मद शफी शेख और उसका भाई अब्दुल कयूम बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने की घटना के बारे में जांच शुरू कर दी है। देर शाम खबर लिखे जाने तक आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है।