अखनूर। गांव अंबारा में चार साल पहलेे एक युवक की हत्या के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने क्षेत्र की एक युवती का गुजरात में नारको टेस्ट करवाया। इस टेस्ट में हत्या का मामला अहम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के सटे गांव अंबारा में 25/5/2013 को स्थानीय विक्रम सिंह का विवाह से लौटने के बाद घर से शव मिला था। उसके शरीर पर गहरे घाव के अलावा कुछ जहरीला पदार्थ खिलाने की आशंका जताई गई थी। इस पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया था। इस में एक युवती भी थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कोर्ट में चालान भी पेश किया। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पुलिस को युवती का नारको टेस्ट करवाने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी पुष्पिंदर सिंह की अगुवाई में एक टीम गुजरात के गांधी नगर में स्थित फारेंसिक लैब में युवती का नारको टेस्ट करवाने के लिए गई। नारको टेस्ट के बाद टीम सोमवार को वापस जम्मू पहुंची। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस कोर्ट में रिपोर्ट सौँपेगी। थाना प्रभारी पूष्पिंदर सिंह ने बताया कोर्ट के आदेश पर युवती का नारको टेस्ट गुजरात से करवाया गया है।