डोडा। जिला मुख्यालय डोडा से मात्र पांच किलोमीटर दूर पुल डोडा में मंगलवार की सुबह एक युवती ने पुल से चिनाब नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वहां मौजूद लोगों की आंखों के सामने युवती तड़प-तड़प कर पानी में डूब गई।
मंगलवार की सुबह करीब दस बजे एक युवती अचानक पुल डोडा के पुल से तवी नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस और चिनाब रेस्क्यू टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
लेकिन इससे पहले युवती युवती चिनाब में समा चुकी थी। छानबीन में पता चला कि युवती रक्षु देवी (22) पुत्री कौशल कुमार तहसील ठाठरी के रुकाली की रहने वाली थी। वह डोडा डिग्री कॉलेज में पार्ट थर्ड की छात्रा थी।
वर्तमान में वह डोडा मुख्यालय के नगरी मोहल्ला में रहती थी। शाम तक चिनाब रेस्क्यू टीम के सदस्य मुश्ताक शेख के नेतृत्व में युवती के शव को चिनाब में तलाशते रहे, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी।
घर वालों से हुआ था विवाद
बताया जाता है कि बीते दिनों रक्षु का घरवालों के साथ पढ़ाई को लेकर विवाद हुवा था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शायद इसी कारण युवती ने आत्महत्या की होगी। हालांकि पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।