कठुआ। पंचायत छन्न अरोड़ियां में आधार केंद्र न खुलने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आवाम प्रोग्रेस मिशन के बैनर तले नारेबाजी की और कहा कि बार-बार मांग करने के बाद भी उनकी मांग पर कोई गौर नहीं किया गया है। ऐसे में उन्हें भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल केआर रैना, गरीब दास, सुदेश कुमार, सरजीत सिंह आदि ने कहा कि पिछले लंबे समय से वह पंचायत में एक आधार केंद्र खोलने की मांग प्रशासन से कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि इस समय लोगों को आधार कार्ड बनवाने या फिर अपने आधार में किसी त्रुटि को ठीक करवाने के लिए हीरानगर जाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं लोगों को पहले हीरानगर मोड़ तक जाना पड़ता है और उसके बाद हीरानगर पहुंचना पड़ता है।
इसलिए एक छोटे से काम के लिए लोगों को पूरा दिन बर्बाद करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर पंचायत में एक आधार केंद्र खुल जाए तो पंचायत के पांच आठ वार्ड के साथ साथ आसपास के दर्जन भर गांवों को भी लाभ होगा जो इस समय हीरानगर जाकर अपना कार्ड बनवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन से भी मांग की गई है। लेकिन, अभी तक इस मांग पर कोई गौर नहीं किया गया है। ऐसे में लोगों की परेशानी दूर की जानी चाहिए।