जैश तथा हिजबुल आतंकियों के हथियारों के साथ वीडियो वायरल होने के बाद दक्षिणी कश्मीर के शोपियां और बडगाम जिले के 22 गांवों में वीरवार को सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे तक तलाशी ऑपरेशन चलाने के बाद आतंकियों का कोई सुराग हाथ न लगने पर ऑपरेशन को स्थगित कर दिया गया।
सुरक्षाबलों ने सुबह शोपियां जिले के कदगाम, बर्बुग, चितरविच, इमाम साहिब, हिल्लो, मनिहाल, अमरबुग, बादिमर्ग, यम्राच, मुंड गोफान, वुयन, डीके पोरा आदि गांवों की घेराबंदी क र तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट सील कर दिए गए थे। एक-एक कर मकानों की तलाशी ली गई। सुरक्षाबलों को जानकारी मिली थी कि इलाके में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। इसके आधार पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने साझा अभियान चलाया।
वीरवार सुबह करीब 10 बजे मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के तीन स्थानों पर भी साझा तलाशी अभियान चलाया गया। जिले के चिल ब्रास गांव में आतंकियों की मौजूदगी होने के बाद सीआरपीएफ, सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और एसओजी ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मकानों की तलाशी ली गई। एसएसपी कुलगाम श्रीधर पाटिल ने बताया कि सूचना के आधार पर तीन स्थानों पर कासो चलाया गया। आतंकियों के सेब के बगीचे में छिपे होने की सूचना थी। बगीचा 5-6 किलोमीटर के दायरे में है। इस वजह से पूरी तलाशी ली गई।