कठुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोटबंदी के फैसले के एक साल बाद जनता को हो रही परेशानियों के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने काला दिन मनाया। शहर के नहर चौक पर मोदी सरकार का पुतला जलाकर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने आम लोगों को परेशान करने के लिए ही ऐसा किया है। भाजपा इसे कालेधन के खिलाफ लड़ाई बताकर आम जनता को एक साल से गुमराह कर रही है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर हुए राज्य प्रधान मनोहर डोगरा व तहसीन प्रधान एसके भंडारी ने कहा कि नोटबंदी के फैसले के बाद से ही बैंकों में लाइन में लगकर लोगों को केंद्र सरकार ने बाकी काम न करने के लिए मजबूर कर दिया था। एक आम मजदूर इस बात को सोचकर ही परेशान था कि अगर वह दिहाड़ी नहीं लगाएगा तो पैसे कैसे कमाएगा। एक साल बाद भी हालात नहीं बदले हैं। वह आज भी बैंकों के चक्कर काटकर परेशान हैं। कभी आधार कार्ड को लिंक करवाने के लिए तो कभी दस्तावेज जमा करवाने के लिए एक साल से सरकार विभिन्न कामों में उलझाकर लोगों को परेशान कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा सरकार ने अब तक के अपने कार्यकाल में जनहित का कोई फैसला नहीं लिया। कालेधन पर बड़ी-बड़ी बातें कीं और नोटबंदी को कालेधन से जोड़कर जनता को गुमराह किया। सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया, नोटबंदी को एक साल हो गया लेकिन न तो कालेधन को लेकर कोई रिपोर्ट सामने आई और न ही स्विस बैंक में खाता धारकों के नाम सरकार ने जनता के सामने रखे। हां महंगाई बढ़ाकर जनता को परेशानी जरूर किया है। इसलिए वह आज के दिन को काले दिन के रूप में मना रहे हैं।