जम्मू। कुल देवता के दर्शन कर लौट रहे प्रेम नगर के एक परिवार के 19 सदस्य मेटाडोर पलटने की वजह से घायल हो गए। सांबा के वीर भूमि पार्क के नजदीक मेटाडोर पलटने की वजह से हादसा हुआ। दुर्घटना की वजह सामने से आ रहे वाहन द्वारा तेज गति से मोड़ने की वजह से मेटाडोर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दौरान मेटाडोर सवार घायलों को तत्काल इलाज के लिए जीएमसी भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह प्रेम नगर निवासी पठानकोट एक मिनी बस जेके02एएल-9377 को बुक कर कुल देवता के यहां गए थे। इस दौरान शाम पांच बजे हंसते खेलते हुए परिवार के सदस्य लौट रहे थे। इस दौरान वीर भूमि पार्क के पास सामने से आ रही कार जेके02एन-8359 ने तेज रफ्तार में मेटाडोर को साइड मार दिया। जिससे मेटाडोर पलट गई। आसपास मौजूद लोगों घायलों को बस से निकाला। घटना की जानकारी पर पुलिस ने सभी घायलों को जीएमसी इलाज के लिए भेजा। जहां 19 घायलों की पहचान सरस्वती (25), विशाल (28), तरसेम (75), मोहन (35), नीलम (60), नमन (03), रानी देवी (35), निर्मला देवी (50), सुस्मिता देवी (50), प्रिया देवी (18), विद्या देवी (70), सोनू (42), अजय कुमार (30), अनिल कुमार (20), कृष्णा (14), संतोष देवी (55), ज्योति (29) सीमा (22) और सुनील कुमार (24) सभी निवासी प्रेम नगर (सांबा) के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज जीएमसी में जारी था। वहीं सांबा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल मोहन ने बताया कि सामने से आ रहे वाहन की वजह से हादसा हुआ। सभी सदस्य अपने कुल देवता के यहां से दर्शन कर खुशी-खुशी लौट रहे थे। फिलहाल सभी सदस्यों को हल्की चोटें आईं हैं। इसके लिए उन्होंने भगवान का शुक्रिया किया है।