बसोहली। शीतल नगर में एटीएम न होने से लोगों को पैसे निकालने के लिए 50 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार इलाके में बैंकिंग सुविधा तो है, मगर एटीएम नहीं लगाया गया है। इससे परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
बसोहली से लेकर बनी तक करीब 80 किलोमीटर का क्षेत्रफल है। जब लोग बसोहली से 50 किलोमीटर का सफर तय कर शीतल नगर में खरीदारी के लिए पहुंचते हैं तो एटीएम की सुविधा न होने से पैसे की किल्लत झेलनी पड़ती है। रूप सिंह, तिलक सिह, नरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह आदि ने बताया कि शीतल नगर के अंतर्गत नौ पंचायतें आती हैं, पर बेहद अफसोस की बात है कि जहां सरकार देश को डिजिटल बनाने की बात करती है, वहीं आज तक यहां एटीएम की सुविधा तक नहीं दी गई है।
शीतल नगर के अंतर्गत आने वाली पंचायतें द्रमन, हट्ट, खड्डी, जानू, सियालग, डोडला आती हैं। बसोहली एटीएम पहुंचकर पैसे निकालने में दिक्कतें आती हैं। यहां भारी भीड़ रहती है। लोगों को कतारों में घंटों खडे़ रहना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि शीतल नगर में केवल ग्रामीण बैंक की शाखा है। उनके गांव से पांच किलोमीटर दूर जेके बैंक की शाखा है। यहां हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ग्रामीणों ने शीतल नगर में एटीएम खोलने की मांग संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से की है।