ब्यावर के निकटवर्ती गांव नांदणा में खाना बनाने के दौरान गैस भभकने से एक विवाहिता और उसके दो बच्चे बुरी तरह झुलस गए। तीनों को इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां विवाहिता की मौत हो गई जबकि बच्चों का इलाज जारी है।
नांदणा निवासी रूबीना ने बताया कि उसकी बहन हसीना (25) घर पर खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक गैस सिलेण्डर में लीकेज होने से आग लग गई और वह आग की चपेट में आ गई। उसके पास ही बैठा 5 वर्षीय फेजल और 2 वर्षीय आईशा को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। उनकी चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने तीनों को स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां से उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। यहां कुछ देर इलाज के बाद ही हसीना ने दम तोड़ दिया। जबकि उसके दोनों बच्चों का अभी इलाज चल रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।