जयपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत दी है। गुलाबीनगरी के आसमान को चारों तरफ से बादलों ने घेर लिया और कहीं कहीं छिटपुट बारिश भी हुई। पिछले 5 दिनों में राजस्थान में गर्मी ने कहर बरपाते हुए 10 लोगों की जान ले ली।
इससे पहले मंगलवार को भी गर्मी से लोग बेहाल रहे और पारा 45 डिग्री के उपर ही रहा लेकिन बुधवार को एकाएक बदले मौसम ने पारे को बहुत हद तक गिरा दिया और सुबह 8 बजे तक पारा 35 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों के भीतर हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस बार देश में मानसून 98 प्रतिशत रहने के आसार हैं तो वहीं प्रदेश में भी मानसून के समय पर आने की उम्मीदें जताई जा रही हैं।
जून के पहले और मध्य सप्ताह में लोगों को उमस और गर्मी परेशान करती रहेगी, क्योंकि छिटपुट बारिश के दौर से जमीन की गर्मी हवा में सक्रिय हो जाती है।