प्रदेश में मानसून के दूसरे दौर में अब बारिश ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों में प्रदेशभर में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटो में पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर में आगामी चार दिनों में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के शेष जिलों बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली और श्रीगंगानगर में 22 से 24 जुलाई तक भारी बरसात होने की आशंका भी विभाग ने जताई है।
गौरतलब है पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान समेत प्रदेश के पश्चिमी स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है जहां जालोर में सबसे ज्यादा 11 मिमी, भीलवाड़ा और सवाई माधोपुर में 7, बीकानेर में 6, माउंट आबू में 5, फलोदी में 4, सीकर और रावतभाटा में 3, उदयपुर और जैसलमेर में 2, अजमेर में 1.6 तथा श्रीगंगानगर और कोटा में 1 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई है।