पाली जिले के हेमावास बांध पर बृहस्पतिवार को तीन लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में से एक फालना नगर पालिका के वार्ड नंबर-1 का पार्षद शामिल है।
जानकारी के अनुसार तीनों पाली के केशव नगर और गणेश नगर निवासी तीन लोग किसी सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने हेमावास आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तीनों पिकनिक मनाने के मूड से हेमावास बांध पहुंच गए जहां तीनों ने खूब शराब भी पी। नशे में धुत्त तीनों लोग बांध की रपट से मोटरसाइकिल नीचे उतार रहे थे कि तभी उनकी बाइक फिसल गई और तीनों पानी में डूब गए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को पानी से निकालने की कोशिश की और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी मगर पुलिस के आने तक तीनों की मौत हो चुकी थी। वहीं फालना के वार्ड नंबर-1 में पार्षद की मौत की सूचना के बाद मातम छा गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल पहुंचाकर उनका पोस्टमार्टम कराया है।