बांसवाड़ा जिले एक गांव में आई फीमेल पैंथर को ग्रामीणों ने घेर कर मार डाला।
घटना जिले के नवाघरा पंचायत के लालपुरा गांव की है। मंगलवार सुबह यहां एक फीमेल पैंथर आने से हडकम्प मच गया। यह पैंथर पास ही जंगल से भटककर भोजन—पानी की तलाश में गांव में आई थी। बताया जा रहा है कि इस पैंथर ने दो ग्रामीणों को घायल कर दिया।
इससे गांव में दहशत फैल गई और लोग लाठियां लेकर इसे तलाशने में जुट गए। जैसे ही पैंथर नजर आई, ग्रामीणों ने इस पर हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ लाठियों के वार से पैंथर ने मौके पर दम तोड़ दिया।
उधर, सूचना मिलने पर अर्थूना थाना पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लोग इस पैंथर को मार चुके थे। वन विभाग ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।