कोटा सेंट्रल जेल रिश्वत कांड के आरोपी
- फोटो : amar ujala
कोटा जेल में रिश्वत लेने के मामले में एसीबी के हत्थे चढ़े कोटा के तत्कालीन डिप्टी जेलर बत्तीलाल सहित चार आरोपियों के खिलाफ एसीबी ने मंगलवार को कोर्ट मे चालान पेश किया।
कोटा जेल में बंदियों और उनके परिजनों से वसूली करने के इस रैकेट के संबंध में एसीबी ने करीब दो महीने तक सबूत जुटाए। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरूण माच्या ने चालान पेश किया।
गौरतलब है कि एसीबी ने कोटा सेंट्रल जेल के डिप्टी जेलर बत्तीलाल को दलाल राजू गोस्वामी के जरिए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था इसके तत्काल बाद एक ओर दलाल इमरान को एसीबी ने पकड़ा था। वहीं इस पूरे प्रकरण में डिप्टी जेलर बत्तीलाल और दलालों का संपर्क जेल में बंद अपराधी अनूप पाड़िया से होने से पाड़िया को भी गिरफ्तार किया था।
सरकारी वकील अहसान अहमद ने बताया कि एसीबी ने अपनी जांच पूरी कर अब चारों आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया है। वहीं इस प्रकरण में अभी तक सरकार की ओर से अभियोजन स्वीकृति नहीं मिलने से बत्तीलाल के खिलाफ कोर्ट में सुनवाई नहीं होगी।