पंचायत ने नाबालिग को छेड़ने के आरोप में दो युवकों के कपड़े उतरवाए, बाल काटवाए और सिर पर जूते रखवाकर पीटते हुए घुमवाया।
घटना राजस्थान के नागौर जिले से जुड़ी हुई है, जहां खींवसर में स्थित एक गांव की पांचायत ने पुलिस की मदद लेने के बजाय खुद ही दो युवकों की 'रिमाण्ड' ले ली। युवकों की गत बुरी कर सिर पर जूते रख धूप में खड़े रहने की सजा तक दी गई।
इतने पर भी लोगों का दिल नहीं पसीजा और पंचायत ने दोनों युवकों को करीब दो घंटे तक मिट्टी में सुलाए रखा। इस दौरान किसी भी व्यक्ति ने न तो पुलिस में कोई शिकायत दी और न ही कोई विरोध किया।
मामले में खास यह है कि दोनों युवकों के परिजनों को भी इस पूरी घटना के बारे में जानकारी बताई जा रही है, लेकिन उन्होंने भी ऐसी सजा पर कोई आपत्ति नहीं जताई। जब पूरी घटना का कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया तो ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।