राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और आरसीए के अध्यक्ष वैभव गहलोत कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। वैभव गहलोत ने खुद इस बारे में एक ट्वीट करके जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि मैंने खुद का कोविड-19 टेस्ट कराया था और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं एसिम्प्टोमैटिक हूं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल को अपनाते हुए घर पर हूं। जनता से मेरी अपील है कि वे चिंतित न हों और कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करें।
राजस्थान में 1883 नए मामले, दो की मौत
राजस्थान में बुधवार को कोरोना के 1,883 नए मामले सामने आए हैं जबकि दो लोगों की मौत हुई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने नई गाइडलाइन भी जारी की है। इसके मुताबिक जयपुर और जोधपुर शहर में कक्षा एक से आठवीं तक के स्कूल 17 जनवरी तक बंद रहेंगे। इससे पहले जयपुर में स्कूलों को तीन जनवरी से नौ जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए थे।
सरकार की ओर से सरकारी कार्यालयों, नगर निकायों-निगमों आदि में 50 फीसदी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी गई है। जबकि दिव्यांगों, गर्भवती महिलाओं और 55 वर्ष से अधिक आयु वाले या फिर गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को अनिवार्य रूप से घर से काम करने के लिए कहा गया है। सरकार की ओर से अगले आदेश तक अपने अभियान, प्रशासन शहरों/गांव के संग को भी स्थगित कर दिया है।
बीते 24 घंटे में जयपुर में कोरोना के 1,138 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर जोधपुर शहर है, जहां 230 नए मामले दर्ज हुए हैं। इन्हीं दोनों शहरों में एक-एक मौत का मामला भी दर्ज किया गया है। राज्य में अभी कोरोना के 5,016 सक्रिय मामले हैं।
वहीं अजमेर (94), अलवर (79), कोटा (53), सीकर (36) और भीलवाड़ा (31) में भी कोरोना के नए मामले दर्ज हुए हैं। राज्य में अभी तक कुल 9,60,453 मामले दर्ज हो चुके हैं, जबकि कुल 8,967 लोग कोरोना वायरस की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।