राजस्थान से उत्तर प्रदेश जाने वाले लोगों का सफर अब और भी आसान हो जाएगा। इसका कारण अब राजस्थान और उत्तरप्रदेश से सीधी बस सेवा द्वारा दोनों राज्यों के कई शहरों को जोड़ा गया है। अब इन राज्यों में आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लखनऊ में अन्तरराज्यीय परिवहन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। राजस्थान की ओर से राजस्थान के सार्वजनिक निर्माण विभाग के मंत्री यूनुस खान की मौजूदगी में परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं आयुक्त शैलेन्द्र कुमार अग्रवाल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के अनुसार दिल्ली, जयपुर, अजमेर, हरिद्वार, मेरठ, बीकानेर, गंगानगर, जोधपुर, उदयपुर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, वृन्दावन, गोरखपुर, सोनोली, झांसी, फिरोजाबाद, कोटा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ, श्रीमाधोपुर, मुरादाबाद, सम्भल, वनस्थली, रूपेडिहा, बरेली, इलाहाबाद, सवाई माधोपुर, अलवर एवं कन्नौज आदि स्थान सीधी बस सेवाओं से जुड़ जाएंगे।
इस अवसर पर यूनुस खान ने बताया कि 199 रूट्स पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा उत्तर प्रदेश में 56,558 किलोमीटर में एवं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा राजस्थान में 56,774 किलोमीटर में बस सेवाएं संचालित की जाएंगी।
उत्तर प्रदेश की प्रमुख परिवहन सचिव आराधना शुक्ला ने बताया कि दोनों राज्यों के बीच हुए इस वृहद परिवहन समझौते को केन्द्र सरकार के मोटरयान अधिनियम 1988 के प्रावधानों के अन्तर्गत कार्यरूप दिया गया है।