देश का आम बजट 2023-24 पेश कर दिया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश किया। वित्त मंत्री लाल साड़ी में लाल बही-खाते में बजट लेकर पहुंची थीं। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले ये सरकार का अंतिम पूर्ण बजट था। व्यक्तिगत आयकर को लेकर वित्त मंत्री ने बड़ा एलान किया है। साथ ही नई कर व्यवस्था में सात लाख रुपये तक की आय पर छूट दी गई है।
वहीं, बजट को लेकर मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि केंद्र का बजट पूरी तरह फेल है। लोग उम्मीद कर रहे थे कि पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम से कुछ राहत मिलेगी, क्योंकि क्रूड ऑयल के दाम गिरे हैं। लेकिन जनता के आंखों में अब भी आंसू हैं। उन्होंने कहा कि पहले ही टैक्स लगा चुके हैं। यूपीए सरकार ने ही दो लाख करोड़ का बजट शुरू किया था, इसलिए यह तो रखना ही पड़ेगा।
बताते चलें, व्यक्तिगत आयकर को लेकर वित्त मंत्री ने बड़ा एलान किया है। इस पर खाचरियावास ने कहा, पांच लाख से सात लाख कर देना ऊंट के मुंह में जीरा के सामान है। साथ ही उन्होंने कहा कि गांव, खेत और किसान के सपने तोड़ने वाला बजट है। मोदी सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन नोटबंदी और जीएसटी के नाम पर लोगों को परेशान किया गया। भूख से हर घंटे चार लोग मर रहे थे।