वे दोनों आज छुट्टी के दिन घर की भेड़-बकरियों को चराने गए थे। इसी दौरान यहां उनके साथ ऐसा हुआ कि पूरे गांव में सन्नाटा छा गया।
घटना राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा के पास स्थित घाणामगरा गांव की है। यहां के सेगवो की ढाणी के पास जालेली नाड़ी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार 8 वर्षीय रविन्द्र और 11 वर्षीय अंकित दोनों सगे भाई नवरात्रि की छुट्टी होने पर आज अपने घर के पशुओं को चराने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान दोनों भाई अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए जालेली नाड़ी पर लेकर गए।
यहां अचानक छोटे भाई रविंद्र का पैर नाड़ी में फिसल गया और वह पानी में गिर गया। अपने भाई को डूबता देख अंकित भी पानी में कूद गया। ऐसे में दोनों ही नाड़ी के पानी की गहराई में जाने से डूबने लगे।
आसपास के लोगों ने जब उनकी चिल्लाने की आवाज सुनी तो वे मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को नाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद बिलाड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घर में एकसाथ दो चिराग बुझ जाने से कोहराम मच गया। यही नहीं, शोक के चलते पूरे गांव में सन्नाटा सा छा गया।