पुश्तैनी जमीन पर कब्जे और विवादित जमीन पर अधिकार को लेकर आए दिन खूनी संघर्ष की खबरें आती रहती हैं। लेकिन शुक्रवार को राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव में जमीनी विवाद इतना बढ़ा कि दो लोगों की मौत हो गई।
जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। मामला जिले के विलानचटपुरा गांव का जहां दो पक्षों में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिवालाल पक्ष के एक व्यक्ति ने करीब 30 वर्ष पूर्व अपनी दो बीघा जमीन सुभान पक्ष के पास 150 रुपए में गिरवी रखी थी।
लेकिन अब उस जमीन की कीमत करोड़ों में है। ऐसे में उस जमीन को वापस लेने के लिए दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका था। लेकिन पंचायत के दखल के बाद मामला सुलझ गया था। लेकिन शुक्रवार को विवाद इतना बढा शिवलाल पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस को देर रात तक आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका है।