मूवी देखते महापौर, अधिकारी और कर्मचारी
- फोटो : Vishnu Sharma
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत शहर को स्वच्छ बनाने के मकसद से एक महापौर ने एक अनोखा प्रयास किया और लगभग 1500 सफाईकर्मियों और निगम अधिकारियों को थियेटर में ले गए। जहां उन्हें टॉयलेट एक प्रेम कथा मूवी दिखाकर स्वच्छ भारत, स्वच्छ शहर की शपथ भी दिलवाई।
रविवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्वच्छता अभियान में एक नया अध्याय जोड़ने का काम किया जयपुर के महापौर डॉ. अशोक लाहोटी ने। वे आज नगर निगम जयपुर के करीब 1500 सफाईकर्मियों, जमादारों और कच्ची बस्ती के लोगों को बाईस गोदाम स्थित ऑयनॉक्स क्रिस्टल पॉम मल्टीप्लेक्स में लेकर गए। जहां उन्हें टॉयलेटः एक प्रेम कथा फिल्म दिखाई।
केशव और जया दो किरदारों के इर्द-गर्द बुनी गई इस फिल्म के माध्यम से लोगों ने शौचालय के महत्व को समझा। सुबह 9 से 12 और दोपहर 12 से 3 बजे तक के शो में नगर निगम के सफाईकर्मियों, जमादारों और कच्ची बस्ती के लोगों ने फिल्म का मजा लिया। इस दौरान महापौर लाहोटी, निगम सीईओ रवि जैन समेत आला अधिकारी भी मौजूद रहे।