मजदूरों की मौत के बाद फैक्ट्री की जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में जहरीली गैस से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। ये अपने साथी श्रमिक को बचाने के लिए एक टैंक में उतरे थें।
पुलिस के अनुसार, ये हादसा शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुशील उद्योग हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में मंगलवार को हुआ। इस फैक्ट्री में मेटल से हैंडीक्राफ्ट वस्तुएं बनाने का काम होता है। इनकी पॉलिशिंग आदि में कैमिकल का इस्तेमाल होता है। इसे कैमिकल को यहां एक टैंक में स्टेार किया जाता है।
मंगलवार को एक श्रमिक इस टैंक का साफ कर रहा था। अचानक उसका दम घुटने लगा और उसने मदद के लिए आवाज लगाई। इसके बाद वह बेहोश हो गया। इस पर वहां मौजूद उसके तीन अन्य साथी उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गए। बताया जा रहा है कि अंदर जहरीली गैस के प्रभाव में आने से इन चारों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर बेहोश हो गया। इसे अन्य साथियों ने बाहर निकाला और मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया। जहां इसका इलाज चल रहा है। उसकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना के बाद बासनी थानाधिकारी राजेश यादव और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और मौका मुआयना। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। एफएसएल ने भी घटना स्थल से जांच के लिए नमूने लिए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों के बारे में जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक तौर पर जहरीली गैस के प्रभाव में आने से इनकी मौत होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर एम्स की मोर्चरी में रखवाया है।