प्रदेश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों का आंकड़ा पचास तक पहुंच गया है। मंगलवार को कोटा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह व्यक्ति मंदसौर का रहने वाला था, जिसका इलाज कोटा में चल रहा था। इस मौत के बाद प्रदेश में अब तक हुई मौतों की संख्या 50 हो गई है।
राजधानी जयपुर में स्वाइन फ्लू से मरने वाली की संख्या 15 तक पहुंच गई है। गौरतलब है कि सोमवार को एक ही दिन में तीन जानें स्वाइन फ्लू ने लील ली थी। एक साथ तीन मौतों के चलते चिकित्सा विभाग भी सकते में आ गया था। स्वाइन फ्लू की निगरानी एवं पॉजिटिव पाए जाने पर उपचार सहित तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए राज्य नियंत्रण कक्ष सहित सभी जिलों में स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष कार्य कर रहे हैं। साथ ही, टोल फ्री 104 से स्वाइन फ्लू के लक्षण, जांच एवं उपचार के विषय में आवश्यक जानकारी ली जा सकती हैं एवं आवश्यक सूचनाएं दी जा सकती हैं। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0141-2225624 है।
सभी छह राजकीय मेडिकल कॉलेज, जयपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर एवं डीएमआरसी जोधपुर सहित 7 राजकीय संस्थाओं में निःशुल्क जांच की जा रही है। राजकीय चिकित्सक के परामर्श पर निःशुल्क एवं स्वंय द्वारा जांच कराने पर 500 रूपए की राशि से यह सुविधा उपलब्ध है।