छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम
- फोटो : amar ujala
राजस्थान की जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त है। ऐसे में तीसरे मोर्चे की जरूरत महसूस हो रही है। जल्द ही तीसरे मोर्चे की घोषणा की जाएगी। यह कहना है लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक किरोड़ी लाल मीणा का।
दरअसल, विधायक किरोड़ी लाल मीणा और हनुमान बेनीवाल आज अजमेर के दयानंद महाविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे। यहां पहुंचने पर छात्रों ने दोनों नेताओं को कंधों पर बैठा लिया और गर्मजोशी से नारे लगाते हुए छात्रसंघ उद्घाटन समारोह के मंच तक लेकर पहुंचे। यहां समारोह के बाद बेनीवाल ने कहा कि इस सरकार को गुंडे और आपराधिक तत्व चला रहे हैं। यह सुराज की बात करते थे, लेकिन कुराज आया हुआ है जिससे हर कोई दुखी है। उन्होंने कहा कि तीसरा मोर्चा बनाया जाएगा और दोनों प्रमुख पार्टियों को सबक सिखाया जाएगा।
विधायक किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि सरकार बने हुए इतना समय बीत गया और अब मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को चुनाव वाले स्थानों की याद आई है। अब राजे वहां जाकर लोगों को अपनापन जता रही है। लोकसभा उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यह चुनाव सेमीफाइनल है और इसमें सीएम राजे की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। यदि यह चुनाव भाजपा हारती है तो आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का सफाया हो जाएगा। उपचुनाव जीतने के लिए सरकार पूरे प्रयास कर रही है, लेकिन जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकने का मानस बना चुकी है।