राजस्थान में गर्मी के कारण हाहाकार मचा हुआ है। गर्मी का रुप इतना विकराल है वृद्धजनों की जान पर बन आई है। कुछ दिन पूर्व जालोर के एक गांव में गर्मी से हुई छह मौत के बाद मंगलवार को भरतपुर में दो वृद्धजनों की मौत हो गई। दोनों वृद्धजन की अभी तक पहचान नहीं हो सकी।
दोनों शहर में अलग—अलग स्थान से मिले थे। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन गर्मी ने दोनों के प्राण लील लिए। वहीं बीते पांच दिन में गर्मी के कारण दम तोड़ने वालों की संख्या दस हो गई। जालोर के एक गांव में हुई छह मौत के बाद जैसलमेर और अलवर में भी एक—एक मौत गर्मी के कारण हो चुकी है। मंगलवार को भी राजस्थान का औसत अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब रहा। साथ ही दो दिन से चल रही गर्म हवा भी लोगों की परेशानी में खासा ईजाफा कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। लेकिन फिलहाल गर्मी के कारण राजस्थान के अधिकतर शहरों में दिन में ही कर्फ्यू जैसे हालात देखने को मिल रहें है।