राजस्थान स्टेट ओपन की परीक्षा का परिणाम मंगलवार शाम शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने शिक्षा संकुल में जारी किया। परीक्षा परिणाम जारी करते समय मंत्री देवनानी पुरुष वर्ग के टॉपर की तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाए।
उन्होंने तारीफ केवल इसलिए नहीं की कि उसने परीक्षा में टॉप किया, बल्कि इसलिए की उसने अपनी विषम परिस्थितियों के बावजूद यह मुकाम हासिल किया। स्टेट ओपन की परीक्षा में कुल मिलाकर 41771 परीक्षार्थी बैठे थे। इनमें से 13296 परीक्षार्थी पास हुए। महिला वर्ग में अव्वल रही मुस्कान इंटोरिया। मुस्कान ने 77.2 फीसदी अंक हासिल किए। उन्हें मीरा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, साथ ही प्रोत्साहन राशि ग्यारह हजार रुपए भी दी जाएगी।
पुरुष वर्ग में अल्ताफ हुसैन ने परीक्षा टॉप की। अल्ताफ ने 80.25 फीसदी अंक हासिल किए। अल्ताफ को एकलव्य पुरस्कार और ग्यारह हजार रुपए की राशि पुरस्कार में दी जाएगी। परिणाम जारी करने के साथ ही मंत्री देवनानी अल्ताफ की तारीफ की।
मंत्री ने कहा कि दसवीं की परीक्षा के बाद अल्ताफ ने घर की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते पढ़ाई, तो छोड़ दी पर पढ़ने का जज्बा दिल में कायम रहा। अल्ताफ एक जूते की दुकान पर नौकरी करता है। अपनी नौकरी के बाद मिलने वाले समय में परीक्षा की तैयारी करता रहा।
बारहवीं की परीक्षा स्टेट ओपन से देकर अल्ताफ ने 80 फीसदी से ज्यादा अंक लाकर मिसाल कायम की है। इससे अल्ताफ जैसे दूसरे स्टूडेंट्स को भी बढ़ावा मिलेगा। मंत्री देवनानी ने अल्ताफ को फोन करके उसकी उपलब्धि के लिए बधाई दी।
शिक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि इस वर्ष मार्च-मई 2017 बीच में आयोजित कक्षा 12वीं की परीक्षा का परीक्षा परिणाम 31.87 फीसदी रहा। इसके अंतर्गत पुरुषों का परीक्षा परिणाम 28.78 फीसदी एवं महिला परीक्षार्थियों का कक्षा 12वीं में परिणाम 34.48 फीसदी रहा। परीक्षा में कुल 41717 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए। इनमें 22659 महिलाएं एवं 19058 अभ्यर्थी थे। कुल उत्तीर्ण 13296 हुए , जिनमें 7812 महिलाएं तथा 5484 पुरूष अभ्यर्थी थे।