अभिनेता वरुण धवन की आने वाली फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनियां' में बद्री की भाभी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री श्वेता मंगलवार को जयपुर पहुंचीं। वे टीवी सीरियल चंद्र नंदिनी के प्रमोशन के लिए गुलाबी नगर आईं। उनके साथ उनके को-एक्टर रजत भी मौजूद थे।
इस बारे में श्वेता ने कहा कि मैंने फिल्म मकड़ी में काम किया। उसके बाद सीरियल में काम करना कभी अखरा नहीं है। जितने जूनून के साथ मैं फिल्म में काम करती हूं उतनी ही शिद्दत के साथ टीवी सीरियल में भी। मैं इस बात पर गर्व करती हूं कि मैं फिल्म के साथ ही टीवी इंडस्ट्री का भी हिस्सा हूं। वरुण धवन की आने वाली फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनियां में वरुण की भाभी का किरदार भी निभा रहीं हूं। वह अनुभव भी मेरे लिए काफी अच्छा रहा है।
अपने अनुभव को शेयर करते हुए रजत ने कहा कि मुझे टीवी सीरियल देखने का समय ही नहीं मिलता। जिम, टीवी और ट्रेफिक में ही पूरा दिन निकल जाता है। शेड्यूल इतना व्यस्त रहता है कि चाहकर भी टाइम नहीं निकाल पाता। जब भी थोड़ा बहुत समय मिलता है तो रेस्ट करने को प्राथमिकता देता हूं। सही कहूं तो इस लाइन में खुद को बनाए रखना है तो हार्ड वर्क करना बेहद जरूरी है। तभी जाकर अपना वजूद बना रहता है।