हरियाणा से अजमेर तक एक होंडासिटी कार में अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपी को गुरुवार तड़के कमिश्नरेट जयपुर की पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। तेज रफ्तार में कार दौड़ा रहे तस्कर ने कालवाड़ रोड पर हो रही नाकाबंदी को भी तोड़ डाला। ऐसे में, खुद झोटवाड़ा के एसीपी आस मोहम्मद ने पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर कार में सवार तस्कर सुनील सिंह का पीछा किया। गिरफ्तार सुनील सिंह के खिलाफ करधनी थाने में एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी को पकड़ने में करधनी थानाप्रभारी अनिल जसोरिया, सबइंस्पेक्टर सवाई सिंह, कांस्टेबल अमित सिंह, प्रकाश व अजेंद्र सिंह का अहम रोल रहा।
एसीपी आस मोहम्मद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुनील सिंह भिवानी, हरियाणा का रहने वाला है। उसकी कार को जब्त कर छिपा रखी हरियाणा निर्मित अवैध शराब की 15 पेटियां बरामद की है। जिनमें विभिन्न ब्रांड की 180 बोतलें रखी थी। वह हरियाणा से अवैध शराब की पेटियां लक्जरी कार में छिपाकर अजमेर ले जाया करता था। पिछले दो दिनों से पुलिस को मुखबिर से सूचना मिल रही थी कि दिल्ली निवासी सुनील सिंह कार में अजमेर के लिए तस्करी करता है। वह पहले भी आठ से दस बार अजमेर शराब पहुंचा चुका है।
आज तड़के सूचना के आधार पर करधनी थाना पुलिस ने अजमेर—दिल्ली हाइवे पर नाकाबंदी करवाई। कार को नजदीक आते देखकर एसीपी आस मोहम्मद ने अन्य गाड़ियों में मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ उसका पीछा किया तो भनक लगने पर सुनील सिंह ने कार की रफ्तार तेज कर दी। उसने एक नाकाबंदी भी तोड़ डाली। इसी दौरान हाइवे पर दो—तीन ट्रक आड़े आ गए। इससे सुनील सिंह की कार आगे नहीं निकल सकी। वहीं पीछा करते हुए आ रही पुलिस टीम ने सुनील को दबोच लिया।