सात नेताओं ने किया बीजेपी ज्वाइन
- फोटो : Social Media
वसुंधरा सरकार में मंत्री रहे लक्ष्मीनारायण दवे ने रविवार को फिर से भाजपा ज्वाइन कर ली। दवे के साथ ही नवलगढ़ से विक्रम सिंह जाखल, ओसियां से महेंद्र सिंह भाटी, अलवर से बन्ना लाल मीणा, चंद्रशेखर यादव, जनता सेना से ओंकार वालिया और भगवती लाल मेनारिया भी भाजपा में शामिल हो गए।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सात नेताओं ने सैंकड़ों की संख्या में अपने समर्थकों के साथ प्रदेश भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया मौजूद रहे। पूनिया ने कहा कि कांग्रेस में तो अब खाली पीपा बचेगा और चूहे कूदेंगे।
बता दें कि भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं में अधिकतर विधानसभा टिकट के दावेदार हैं। लक्ष्मीनारायण दवे ने घर वापसी की है। वे वन, पर्यावरण, खनिज और पेट्रोलियम विभाग का जिम्मा संभाल चुके हैं। उसके बाद उन्होंने पाली के मारवाड़ जंक्शन से 2018 में निर्दलीय चुनाव लड़ा था। जोधपुर के ओसियां से 2018 में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके महेंद्र सिंह भाटी ने 11 सरपंचों और 200 कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ली।