बीकानेर में शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर रविवार को भी यहां लोगों ने पथराव किया। पुलिस ने एहतियातन धारा 144 लागू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने नया शहर थाने में आकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताई। लोगों का कहना था कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश देने के लिए रवाना हुई। रविवार सुबह तक भी कोई गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने डूडी पेट्रोल पंप से लेकर नत्थुसर गेट तक पूरी तरह जाम लगा दिया और कुछ गाड़ियों के शीशे भी फोड़ दिए। इस पर पुलिस ने करीब दर्जनभर लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है और भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।