निजी स्कूलों की बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने की संख्या में दिनोंदिन ईजाफा होता जा रहा हैं। राजस्थान के टोंक जिले में आज सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
जानकारी के अनुसार हादसा टोंक जिले के देवली में हुआ। बस में दो दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे। हादसा देवली के नजदीक उस समय हुआ जब बस आसपास के क्षेत्रों से बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। इसी दौरान बस का स्टेयरिंग फेल हो गया।
जिससे चालक का नियंत्रण बस पर नहीं रहा और बस सड़क के नजदीक ही पलट गई। हालांकि गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित है। स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चों को मामूली चोटें आई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
इसके बाद बच्चों को बमुश्किल बस से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया है। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच प्रारंभ कर दी है।