जोधपुर के बहुचर्चित हिरण शिकार मामले के आरोपी बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान बृहस्पतिवार को अदालत में पेश हो सकते हैं। अदालत ने उन्हें कांकाणी हिरण शिकार प्रकरण में गत सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। वहीं, अवधिपार हथियार रखने के मामले में भी सलमान खान को पेश होने के आदेश दिए हुए हैं।
सलमान खान की दोनों मामलों में सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि सलमान खान आज शाम तक जोधपुर पहुंच सकते है। गौरतलब है कि सलमान खान, अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री सोनाली बेन्द्रे, नीलम व तब्बू सहित स्थानीय आरोपी दुष्यंतसिंह पर कांकाणी गांव की सरहद पर दो हिरणों के शिकार करने का आरोप हैं।
वर्ष 1998 में फिल्म 'हम साथ साथ है' की शूटिंग के लिए पूरी यूनिट लूणी में थी और इसी दौरान कांकाणी सरहद पर यह घटना हुई थी। एक अक्टूबर 1998 की मध्यरात्रि को शिकार किया गया था और इन सभी पर शिकार का आरोप लगा था।
इसको लेकर वन विभाग ने मुकदमा दर्ज करवाया था। वहीं अभियोजन की ओर से 51 में से 28 गवाहों के बयान करवाए गए हैं।