विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को जयपुर में रन फॉर एनवायरमेंट का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ पर्यावरण विभाग, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल एवं वन विभाग के तत्वावधान में हर वर्ष 5 जून को आयोजित की जाती है। यूनाइटेड नेशन्स एनवायरमेन्ट प्रोग्राम (यूएनईपी) द्वारा इस वर्ष का स्लोगन कनेक्ट विथ नेचर यानी प्रकृति से जुड़ो निश्चित किया गया है। इस अवसर पर दौड़ के अलावा पर्यावरण विभाग, राजस्थान एवं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्ड़ल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सदस्य सचिव केसीए अरूण प्रसाद ने बताया कि पांच जून को सुबह 6 बजे रन फाॅर एनवायरमेन्ट रैली का शुभारम्भ सवाई मानसिंह स्टेडियम से होगा। जहां से यह रामबाग सर्किल, नारायण सिंह सर्किल, त्रिमूर्ति सर्किल, जेएलएन मार्ग, गांधी सर्किल, गांधी नगर मोड, टोंक रोड़ से होकर एसएमएस स्टेडियम पहुंचकर समाप्त होगी। रैली में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सेना व पुलिस के जवान, एनसीसी के कैडेट्स, स्काउट एवं गाइड्स के छात्र-छात्राऐं, विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संगठन एवं आमजन भी रैली में सम्मिलित होगें।
राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की अध्यक्ष अपर्णा अरोरा ने जयपुर के शहरवासियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में रन फाॅर एनवायरमेन्ट रैली में भाग लेने की अपील की है ताकि पर्यावरण के प्रति अपने समर्पण एवं भावनाओं की अभिव्यक्ति करके पर्यावरण के संवर्धन में अपेक्षित योगदान दे सकें।