राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा का परिणाम गुरुवार को जारी कर दिया गया। परिणाम शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय में जारी किया। परीक्षा का परिणाम 78.96 फीसदी रहा। यह परिणाम पिछले साल की तुलना में 3.07 फीसदी ज्यादा है। गत वर्ष यह परिणाम 75.89 प्रतिशत रहा था।
इस बार दसवीं की परीक्षा में 10 लाख 98 हजार 921 विद्यार्थी पंजीकृत हुए। इनमें 6 लाख 30 हजार 342 छात्र और 4 लाख 68 हजार 579 छात्राएं शामिल रहे। शिक्षा राज्यमंत्री ने परिणामों में बढ़ोतरी को लेकर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों व स्कूली शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी की मेहनत का नतीजा है कि परिणामों में सुधार आ रहा है। यह रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट http://rajeduboard.rajasthan.gov.in/ पर जारी किए गए हैं। यह रिजल्ट http://rajresults.nic.in/ पर भी देख सकते हैं।