प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचाने वाले दुष्कर्म आरोपी सीनियर आईएएस बीबी मोहंती ने आखिरकार बीती रात करीब दो बजे सरेंडर कर दिया। हालांकि पुलिस की जांच पर यह सवालिया निशान भी है कि कैसे एक आईएएस करीब चार वर्ष तक पुलिस को चकमा देता रहा है।
माना जा रहा है कि आरोपी बीबी मोहंती के सरेंडर के पीछे की मुख्य वजह है उनकी आर्थिक तंगी। दरअसल पुलिस की गिरफ्त से दूर रहे मोहंती को लेकर हाईकोर्ट नाराजगी जता चुका था। कोर्ट ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करते हुए मोहंती के बैंक अकाउंट बंद करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद ही बीबी मोहंती पर दबाव बना और उन्होंने एसीपी नेमसिंह के सामने सरेंडर कर दिया।
हालांकि राजस्थान पुलिस महकमे पर सवाल उठ रहे हैं। पकड़ने में मिली नाकामयाबी के बाद राजस्थान पुलिस ने मोहंती पर पांच हजार रुपए का इनाम भी रख दिया था, लेकिन सफलता फिर भी नहीं मिली थी।