उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। राजस्थान के शेखावाटी अंचल में पारा लुढ़क कर माइनस में चला गया। यहां ठंड का आलम ऐसा है कि खेतों में बर्फ तक जम गई है।
रविवार सुबह फतेहपुर शेखावाटी इलाके में मौसम साफ होने के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सुबह इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार के मुकाबले तापमान ने दो डिग्री का गोता लगाया और रविवार सुबह फतेहपुर शेखावाटी स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर न्यूनतम तापमान माइनस 0.8 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे ओर सर्दी के कारण आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया वहीं तेज सर्दी के कारण लोग अलाव का सहारा लेते भी नजर आए।