जयपुर के विद्याधर नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई होना शुरू हो गई है। स्थानीय विधायक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पत्र भी लिखा।
जानकारी के अनुसार, विद्याधर नगर स्थित सेक्टर 9 में एक मकान में भीषण आग लगने के कारण पांच लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नरपत सिंह राजवी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से बात की। इसके बाद विधायक राजवी ने मुख्यमंत्री को अग्निशमन बेड़े की लापरवाही का खुलासा करते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पत्र लिखा। जिसके बाद एक्शन लेते हुए जयपुर नगर निगम ने तीन फायरमैन हरफूल बढ़ाना, हेमेन्द्र सिंह और अनूप सिंह जाजोरिया को निलंबित कर दिया।
महापौर अशोक लाहौटी और निगम आयुक्त रवि जैन ने हादसे के दौरान सामने आई लापरवाही को लेकर बैठक बुलाई। जिसके बाद सहायक अग्निशमन अधिकारी राजेन्द्र नागर और कार्यवाहक मुख्य अग्निशमन अधिकारी जलज घसिया के विरुद्ध सीसीए नियमों के अंतर्गत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, मामले में जांच कमेटी बनाकर सात दिन में रिपोर्ट देने की कही है।
गौरतलब है कि ये भीषण अग्निकांड की घटना संजीव गर्ग के मकान में हुई। जिसमें महेन्द्र गर्ग, अर्पिता, अपूर्वा, अनिमेष और सौम्या की मौत हो गई।