कई हत्या और उनकी साजिश में शामिल लॉरेंस विश्नोई अब अपनी जान को लेकर बहुत चिंतित है। कोर्ट से गुहार लगा रहा है कि उसकी जान को खतरा है। यह वही नामी बदमाश है, जिसके नाम से फोन आने पर व्यापरियों की जान हलक में आ जाती थी। रंगदारी मंगाना और अपने को माफिया बताने वाला आज पुलिस के आगे बेबस नजर आ रहा है।
गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आज कोर्ट में पेश किया गया। सुरक्षा कारणों के मद्देनजर कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया कि मेडिकल जांच भी थाने में ही होगी। अब लॉरेंस की मेडिकल जांच जयपुर के जयपुरिया हॉस्पिटल की एक टीम जवाहर सर्किल थाने में करेगी।
विश्नोई ने दायर की अर्जी...
विश्नोई ने कोर्ट में पेशी के दौरान एक अर्जी दायर कर बताया, कांग्रेस सरकार और आप पार्टी की सरकार से जान का खतरा है। लॉरेंस ने आरोप लगाया कि दोनों पार्टी की सरकार राजनीतिक द्वेषता के चलते झूठे मामलों में उसे फंसा रही है। इसीलिए दोनों पार्टी की सरकार से उसको जान का खतरा है। पेशी से पहले लॉरेंस के वकील ने उसकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे। वकील के मुताबिक, 21 फरवरी से पहले लॉरेंस का मेडिकल चेकअप कराने के लिए पुलिस उसे खुली जीप में लेकर गई थी। जबकि पंजाब हाईकोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि लॉरेंस को बुलेट प्रूफ गाड़ी और कमांडोज की सुरक्षा में ही ले जाया जाए।
लॉरेंस एजेंसियों को एक साथ देखकर घबराया...
गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई का बुधवार को चार अलग-अलग एजेंसियों के अधिकारियों से सामना हुआ। सूत्रों के मुताबिक, पहले तो कई लोगों की हत्या करवा चुका खूंखार अपराधी लॉरेंस सभी एजेंसियों को एक साथ देखकर घबराया। फिर थोड़ी देर शांत बैठा रहा और उसके बाद एजेंसियों के सवालों के जवाब देने शुरू किए। लॉरेंस ने राजस्थान समेत कई राज्यों में हुई घटनाओं को लेकर कहा कि मैं रिमांड पर रहने के दौरान कैसे किसी पर हमला करवा सकता हूं।
हालांकि, जब अधिकारियों ने सख्ती से पूछताछ की तो लॉरेंस ने कई राज भी उगले। लॉरेंस ने गैंगस्टर रितिक बॉक्सर के बारे में जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस की कई टीमें वांटेड गैंगस्टर रितिक बॉक्सर को पकड़ने के लिए निकल गई हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि वे जल्द ही रितिक बॉक्सर को पकड़ लेंगे।