राजस्थान में अजमेर और अलवर लोकसभा सीट व मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। यहां कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। अब ये विजयी उम्मीदवार राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेंगे।
जानकारी के अनुसार, अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ.करण सिंह यादव ने बीजेपी के उम्मीदवार डॉ.जसवंत यादव को भारी मतों से पराजित किया। इसी तरह अजमेर में कांग्रेस के रघु शर्मा ने बीजेपी के रामस्वरूप लांबा को हराया और मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी विवेक धाकड़ ने सत्ताधारी पार्टी के शक्ति सिंह को उपचुनाव में पटखनी दी। अब कांग्रेस के तीन विजयी उम्मीदवार सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेंगे।
इस दौरान इनके साथ राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी राजस्थान में मिली इस जीत से काफी उत्साहित हैं। इसका कारण यहां 17 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के वोटों में बढ़त होना है।