राहुल गांधी के साथ राजस्थान के कांग्रेसी नेता
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान उपचुनाव में जीत का परचम लहराने के बाद कांग्रेसी नेता आज कांग्रेस सुप्रीमो से मिलने पहुंचे। दिल्ली पहुंचकर उन्होंने सोनिया गांधी व राहुल गांधी से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक राहुल और सोनिया गांधी ने तीनों को जीत की बधाई दी और पार्टी को एकजुट रखने के लिए कहा।
उप चुनाव में अजमेर से सांसद बने रघु शर्मा, अलवर से सांसद करण सिंह यादव, माडंलगढ़ विधायक विवेक धाकड़ आज दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने जीत के समीकरणों के बारे में चर्चा की। इसके बाद आगामी विधानसभा चुनावों पर जीत हासिल करने के लिए भी बात की गई।
रघु शर्मा ने मुलाकात के बाद कहा कि सोनिया गांधी ने बधाई दी है और इसी सफलता को आगामी चुनावों में बरकरार करने का विश्वास भी जताया है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की अगली रणनीति आगामी विधानसभा चुनावों में राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों पर कब्जा करने की है। सभी सीटों पर कांग्रेसजीत हासिल करेगी। इसमें पार्टी को एकजुट रहने का संदेश सोनिया गांधी ने दिया है। पूरी पार्टी एक साथ भाजपा की सरकार को उखाड़ देगी।
उठाएंगे राजस्थान के मुद्दे
रघु शर्मा और राहुल गांधी
- फोटो : अमर उजाला
रघु शर्मा ने कहा कि दिल्ली में अब राजस्थान से जुड़े मुद्दों को बढ़चढ़कर रखेंगे। इसमें ऐसे मुद्दे जिनको लेकर काम नहीं केवल राजनीति हुई है, उन्हें उठाएंगे। अजमेर के एयरपोर्ट, बाड़मेर की रिफाइनरी जैसे मुद्दों का सच सामने रखेंगे।
गौरतलब है कि अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ.करण सिंह यादव ने बीजेपी के उम्मीदवार डॉ.जसवंत यादव को भारी मतों से पराजित किया। इसी तरह अजमेर में कांग्रेस के रघु शर्मा ने बीजेपी के रामस्वरूप लांबा को हराया और मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी विवेक धाकड़ ने सत्ताधारी पार्टी के शक्ति सिंह को उपचुनाव में पटखनी दी थी।
चुनावों में किया सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग
करण सिंह यादव और राहुल गांधी
- फोटो : अमर उजाला
सांसद डॉ. करण सिंह यादव ने कहा कि चुनावों में हमने दो लाख वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आखिरी तीन दिनों में सरकारी साधनों का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी के सामने चुनाव जीतना ही बड़ा इतिहास है। चालीस साल से सत्ताधारी के सामने नहीं जीत पाया है।
वहीं विधायक विवेक धाकड़ ने कहा कि कांग्रेस ने एक टीम की तरह चुनाव लड़ा तभी जीत हासिल हुई। अब हमारी लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव हैं। पदभार ग्रहण करने से पहले सोनियां गांधी व राहुल गांधी से मुलाकात होना बेहद जरूरी था।